गोपालगंज: बिहार सरकार के कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा शनिवार को गोपालगंज दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने समाहरणालय परिसर में आयोजित बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में हिस्सा लिया और जिले में चल रही विकास योजनाओं व जनहितकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने कृषि क्षेत्र के विकास, किसानों की आय वृद्धि और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
कृषि मंत्री ने उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर कहा कि प्रदेश में खाद की पर्याप्त व्यवस्था है और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि खाद की जमाखोरी या कालाबाजारी करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विभाग की टीम विभिन्न जिलों में लगातार निरीक्षण कर रही है। साथ ही स्थानीय प्रशासन और आम लोगों के सहयोग से कृषि व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं मजबूत बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार के कृषि उत्पादों को देश और दुनिया में नई पहचान दिलाने के लिए सरकार विशेष रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मखाना, लीची, आम समेत राज्य की कई विशिष्ट कृषि उपजों की गुणवत्ता और विशेषताओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। इसके लिए कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है, जिससे किसानों की आमदनी बढ़े और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिल सके।
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों की रक्षा और कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
Post a Comment